लंबे इंतजार और माथापच्ची के बाद अखिकार हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार हो गया है. इस विस्तार के साथ ही हिमाचल प्रदेश में 7 मंत्री बनाए गए हैं. राजभवन में आयोजित एक समारोह में गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा आज शपथ दिलाई गई उनमें जगत सिंह नेगी, चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान, रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, धनीराम शांडिल और अनिरुद्ध सिंह जैसे नेता शामिल हैं. सुक्खू कैबिनेट में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को भी शामिल किया गया है. उनको सरकार में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है.
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली में कैबिनेट विस्तार के मुद्दे पर पार्टी आलाकमान और वरिष्ठ नेताओं के साथ लंबा विचार-विमर्श किया था. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के जीतने के बाद आज से करीब एक महीने पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री ने सीएम और डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी.
अपने पहले कैबिनेट विस्तार के लिए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंत्रियों की लिस्ट आलाकमान को सौंप दी थी. जिसके बाद राज्य में कैबिनेट विस्तार के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंजूरी दे दी थी.