लियोनेल मेसी के फीफा विश्व कप में 21 मैच में 8 गोल हो गए हैं।लियोनेल मेसी के गोल के दम पर अर्जेंटीना ने मैक्सिको को 2-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2022 में अपनी पहली जीत हासिल की। वहीं, किलियन एमबाप्पे के गोल के कमाल से फ्रांस फीफा विश्व कप 2022 में अंतिम-16 में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी। फ्रांस के लिए दोनों गोल किलियन एमबाप्पे ने किए।
लियोनेल मेसी ने मैक्सिको के खिलाफ मैच में एक गोल किया और एक असिस्ट (Assist) किया। इसके साथ ही उन्होंने डिएगो मैरडोना की बराबरी भी की। लियोनेल मेसी फुटबॉल विश्व कप में 21 मैच खेल चुके हैं। इसमें उनके 8 गोल हैं। डिएगो मैराडोना ने भी विश्व कप में 21 मैच में 8 गोल किए थे।
इससे पहले गत चैंपियन फ्रांस ने 26 नवंबर 2022 की देर रात लगातार अपना दूसरा मैच जीता और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। फ्रांस ने डेनमार्क को 2-1 से हराया। किलियन एमबाप्पे ने 61वें मिनट में फ्रांस को बढ़त दिलाई और 86वें मिनट में दूसरा गोल किया।
इससे पहले डेनमार्क के लिए 68वें मिनट में आंद्रियास क्रिस्टेनसेन ने बराबरी का गोल दागा था। चार साल पहले विश्व कप में फ्रांस की खिताबी जीत में एमबाप्पे ने चार गोल किए थे। किलियन एमबाप्पे के अब फ्रांस के लिए 31 गोल हो चुके हैं। फ्रांस ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हराया था, जबकि डेनमार्क ने ट्यूनीशिया से गोलरहित ड्रॉ खेला।
ऑस्ट्रेलिया ने ट्यूनीशिया को 1-0 से हराया। बेलोन डिओर विजेता करीम बेंजीमा पैर की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हैं। ऐसे में एमबाप्पे ने अपनी अतिरिक्त जिम्मेदारी बखूबी निभाई। एमबाप्पे ने फ्रांस के लिए पिछले 12 मैचों में 14 गोल किए हैं। इनमें से तीन गोल इस विश्व कप में किए हैं।